✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले में रविवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पहली दुर्घटना सराय थाना क्षेत्र के बड़कागांव के समीप हुई, जहां सड़क पार कर रहे एक बच्चे को एक ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आटो चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। घायल बच्चे की पहचान बड़कागांव निवासी अनुज के रूप में हुई, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में स्थानीय लोगों के समझाने पर नाराज स्वजनों ने आटो चालक को छोड़ दिया।
दूसरी दुर्घटना नौतन प्रखंड क्षेत्र के कादिरचक गांव में हुई, जहां दो बाइकों की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान मैरवा निवासी राजीव कुमार, रामविचार और कादिरचक गांव निवासी ललन कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, राजीव और रामविचार एक ही बाइक पर सवार होकर मैरवा जा रहे थे, तभी ललन कुमार की बाइक से टकरा गए, जिससे तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।