✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
बड़हरिया (सिवान): प्रखंड के यमुनागढ़ स्थित सामुदायिक भवन और जीबी पचरुखी के तरवारा स्थित लोहिया भवन में रविवार को जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में 21 जनवरी को शहर के गांधी मैदान में प्रस्तावित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही बड़हरिया विधानसभा से 600 सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया गया।
बड़हरिया के प्रखंड अध्यक्ष माधव सिंह पटेल ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की 40 पंचायतों को 10 जोन में बांटकर प्रत्येक जोन के प्रभारी को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महासचिव सह विधानसभा प्रभारी प्रमोद कुमार पटेल ने बताया कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, प्रखंड कार्यकारिणी के पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष और पंचायत कार्यकारिणी के सदस्य अपने-अपने प्रखंड और पंचायत में सक्रिय हैं। वे अपने-अपने पंचायत से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पार्टी का झंडा और टोपी पहनकर सम्मेलन में भाग लेने सिवान जाएंगे। सम्मेलन के सफल आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में है।
बैठक में प्रदेश महासचिव इंद्रदेव सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पटेल, राज्य परिषद सदस्य मुर्तजा अली कैसर, प्रभुनाथ महतो, मुखिया वाल्मीकि प्रसाद कुशवाहा समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।