✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान जिले के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा (सुरक्षित शनिवार) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फोकल शिक्षकों ने छात्रों को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल शोषण, बाल श्रम और सामाजिक कुरीतियों के बारे में जागरूक किया। बच्चों को इन विषयों पर जानकारी देने के साथ-साथ इससे होने वाले नुकसान के प्रति भी सतर्क किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों ने चित्रकला के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों का चित्रण किया और मॉकड्रिल के जरिये आपदाओं से बचाव के उपाय सीखे। शिक्षक कृष्णानंद त्रिपाठी, मनीष द्विवेदी, संतोष साहनी, विजय कुमार, जनार्दन राम, सुनील कुमार, बृज कुमार साह, वीरेंद्र यादव और मनोज कुमार सहित अन्य प्रधानाध्यापक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
बड़हरिया प्रखंड के विद्यालयों में भी बच्चों को आपदा से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। मध्य विद्यालय पहाड़पुर, बड़हरिया, हरदिया, सदरपुर और प्राथमिक विद्यालय सदरपुर सहित अन्य विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्य विद्यालय सदरपुर के शिक्षक संदीप कुमार सुमन ने बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा, पाठ्य पुस्तक और छात्रवृत्ति की सुविधाओं के बारे में बताया।
नया प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक संतोष कुमार मांझी ने बाल विवाह के दुष्प्रभाव समझाते हुए इसे समाज के लिए एक अभिशाप बताया। कार्यक्रम में अश्वनी कुमार, प्रदीप कुमार मंडल सहित अन्य शिक्षकों की भागीदारी रही। बच्चों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
