✍ परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा थाना क्षेत्र के बेला गोविंदापुर में 11 नवंबर को हुई विक्की शर्मा की हत्या के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विक्की की बहन सावित्री की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हालांकि, पुलिस सुरक्षा के बीच 16 नवंबर को दारौंदा स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में सावित्री की शादी संपन्न कराई गई।
पुलिस अवर निरीक्षक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में शादी स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। मृतक के स्वजनों ने बताया कि सावित्री कुमारी की शादी सारण जिले के सवरी जलालपुर निवासी राधे शर्मा के पुत्र रोहित कुमार शर्मा से तय थी। तिलक का कार्यक्रम 13 नवंबर को होना था, जिसे स्थगित कर दिया गया था। 16 नवंबर को तय तिथि पर तिलक और शादी की रस्म पुलिस सुरक्षा में संपन्न हुई।
शादी में दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद रहे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र शर्मा, मुखिया मनोज शर्मा, मुन्ना शर्मा और मिथिलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि 11 नवंबर की रात तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करने पर गांव के कुछ लोगों ने अवध किशोर शर्मा के पुत्र विक्की शर्मा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। घटना में विक्की के छोटे भाई विकास शर्मा भी घायल हो गए थे। इस मामले में मृतक के पिता ने नौ आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
विक्की की हत्या के बाद शादी को लेकर संशय बना हुआ था। परिवार ने 16 नवंबर को तिलक और शादी दोनों रस्में पूरी करने का निर्णय लिया।
