✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के सौजन्य से उद्यान सह कृषि यांत्रिकरण प्रदर्शनी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपनिदेशक (उद्यान) सारण प्रमंडल सह सहायक निदेशक (उद्यान) विपिन कुमार पोद्दार और जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने डीएम और उप विकास आयुक्त का पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रगतिशील किसानों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने केले की खेती की महत्ता को समझाया। उन्होंने कहा कि किसानों को केले की खेती के साथ उसका मूल्यवर्धन (वैल्यू एडिशन) भी करना चाहिए, जिससे उन्हें अधिक लाभ हो सके। जिला पदाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि सहायक निदेशक (उद्यान) विपिन कुमार पोद्दार की मदद से केला उत्पादकों को आवश्यक सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी प्रखंडों में किसानों के समूह बनाने पर जोर दिया ताकि सामूहिक रूप से खेती को बढ़ावा दिया जा सके। सहायक निदेशक (उद्यान) ने अपने संबोधन में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले में क्लस्टर के रूप में लकड़ीनबीगंज प्रखंड में आंवले की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त केले, पपीते, अमरूद, औषधीय पौधों और मशरूम उत्पादन के लिए भी प्रोत्साहन योजनाएं चलाई जा रही हैं। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र भगवानपुर हाट के कार्यक्रम समन्वयक सह वरीय कृषि वैज्ञानिक जितेंद्र प्रसाद ने जलवायु अनुकूल कृषि के साथ-साथ गेहूँ के बीज उत्पादन की तकनीकी जानकारी साझा की। इसके साथ ही सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) मोहम्मद शहजाद आलम ने यांत्रिकरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सदर आलेख शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि मंच का संचालन कृषि समन्वयक मनोरंजन कुमार द्वारा किया गया। इस आयोजन में सभी प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक और लगभग 300 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। इस आयोजन ने कृषि यांत्रिकरण और उद्यानिकी में तकनीकी जानकारी को किसानों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।