✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा: थाना क्षेत्र के बेला गोविंदापुर में 11 नवंबर को चाकू से गोदकर विक्की शर्मा की हत्या के बाद उनके घर में बहन की शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं। विक्की की बहन सावित्री का तिलक 13 नवंबर और शादी 16 नवंबर को तय थी। लेकिन तिलक का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अंततः पुलिस सुरक्षा के बीच 16 नवंबर को दारौंदा स्थित राम जानकी मंदिर में सावित्री की शादी संपन्न कराई गई।
मंदिर परिसर में पुलिस निरीक्षक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शादी के दौरान पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र शर्मा, मुखिया मनोज शर्मा, मुन्ना शर्मा, मिथिलेश शर्मा समेत दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद थे।
मृतक के स्वजनों के अनुसार, सावित्री की शादी सारण के सवरी जलालपुर निवासी राधे शर्मा के पुत्र रोहित कुमार शर्मा से तय हुई थी। विक्की की हत्या के बाद शादी को लेकर संदेह उत्पन्न हो गया था, लेकिन निर्धारित दिन पर तिलक और शादी की रस्में पूरी की गईं।
गौरतलब है कि 11 नवंबर की देर शाम तेज गति से बाइक चलाने से मना करने पर गांव के कुछ लोगों ने अवध किशोर शर्मा के पुत्र विक्की शर्मा की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई विकास शर्मा को घायल कर दिया था। इस घटना के संबंध में मृतक के पिता ने नौ आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि, अब तक पुलिस किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
