✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा (सिवान): प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के 150वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 15 नवंबर से 25 नवंबर तक विद्यालयों में जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक योगेंद्र सिंह ने सर्व शिक्षा अभियान को पत्र भेजकर जानकारी दी है। शिक्षा मंत्रालय की पहल के तहत बच्चों में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीईओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि जनजातीय गौरव पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से अवगत कराना है। इस अवसर पर विद्यालयों में चित्रकला, पेंटिंग, भाषण, और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके तहत छात्र-छात्राओं को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा और अन्य प्रमुख जनजातीय नेताओं की जीवनी और उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता, जनजातीय दीवार लेखन कला और संगोष्ठी का आयोजन होगा ताकि बच्चों को जनजातीय संस्कृति और कला की समझ विकसित हो सके। इसके अतिरिक्त, बच्चों को उनके आसपास के जनजातीय क्षेत्रों का भ्रमण कराकर उनके इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत की महत्ता का एहसास हो सके।