✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान में देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद का 140वां जन्मदिवस मंगलवार को जिला मुख्यालय और प्रखंड क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सरकारी और गैर सरकारी संगठनों ने उनके आदमकद प्रतिमा और तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उनके सादगी भरे जीवन को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला मुख्यालय के गोपालगंज मोड़ स्थित राजेंद्र उद्यान और उनके पैतृक गांव जीरादेई में जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार, विधान पार्षद बिनोद जायसवाल सहित अन्य वरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने कहा कि डा. राजेंद्र प्रसाद विनम्रता, सरलता और सादगी के प्रबल पक्षधर थे, और उनके इन्हीं गुणों के कारण उन्हें जो गौरव प्राप्त हुआ, वह बहुत कम लोगों को मिलता है। डीएम ने प्रथम राष्ट्रपति के जन्मदिवस और जिले के 52वें स्थापना दिवस के मौके पर समस्त जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी और जिले के विकास में नई ऊर्जा और जोश के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि डा. राजेंद्र प्रसाद ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, साथ ही संविधान निर्माण में भी उनका विशिष्ट योगदान था। उनका व्यक्तित्व सदा देशवासियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगा।
इस दौरान राजवंशी देवी बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कालेज और आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय के छात्रों ने शहर में प्रभातफेरी निकाली।
इन्होंने भी किया माल्यार्पण:
राजेंद्र उद्यान स्थित प्रतिमा पर सहायक समाहर्ता नेहा कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव, उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, सदर एसडीओ सुनील कुमार, डीसीएलआर शहबाज खान, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक उपेंद्र कुमार यादव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी माल्यार्पण किया।