✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा थाना क्षेत्र के बाल बंगरा निवासी अवधेश राम की हत्या गोपालगंज के बरहिमा गांव में 22 नवंबर की शाम एक मनचले युवक द्वारा ईंट से मारकर कर दी गई। घटना का कारण महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का विरोध करना बताया गया है। मृतक की पत्नी नीतू देवी ने सिधवलिया थाना में बरहिमा निवासी मीठू महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
नीतू देवी ने बताया कि उनका परिवार 21 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने बरहिमा गया था। 22 नवंबर की शाम जब महिलाएं सामूहिक नाच-गाने में व्यस्त थीं, तब मीठू महतो ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर अवधेश राम ने उसे मना किया और धक्का देकर वहां से भगा दिया। मीठू ने इसे लेकर अवधेश को देख लेने की धमकी दी थी।
रात करीब 10 बजे, जब अवधेश राम घर के बाहर बांस के चचरा पर सो रहे थे, तभी मीठू महतो ने ईंट से उन पर हमला कर दिया। नीतू देवी के अनुसार, शोर सुनकर वह बाहर आईं तो देखा कि मीठू महतो उनके पति पर ईंट से वार कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना स्थल पर ही अवधेश राम की मौत हो गई।
परिवार में मातम का माहौल
ग्रामीणों ने बताया कि अवधेश राम एक मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उनके परिवार पर जीविका चलाने का संकट गहरा गया है। मृतक की मां नैना देवी, पिता श्रीराम राम, भाई रमेश राम, परमेश्वर राम, चार बेटियां निधि कुमारी, निक्की कुमारी, सलोनी कुमारी, नीलू कुमारी और एक पुत्र कुंदन कुमार समेत अन्य परिजन घटना के बाद से शोक में डूबे हुए हैं।
