✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज: रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय समिति द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के तहत पुस्तक संग्रह अभियान में योगदान करते हुए गोरेयाकोठी प्रखंड के सिकंदरपुर निवासी और जेड ए इस्लामिया महाविद्यालय सिवान के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष व अवकाश प्राप्त प्रोफेसर बृज किशोर सिंह ने विश्वविद्यालय स्तर की दर्जनों पुस्तकें पुस्तकालय को उपहार स्वरूप प्रदान कीं।
प्रोफेसर बृज किशोर सिंह ने कहा कि रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार के लिए भविष्य में और भी पुस्तकें प्रदान की जाएंगी ताकि विद्यार्थियों को अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पुस्तकों का अध्ययन भारतीय संस्कृति और उसकी विविधता को समझने का एक बेहतरीन माध्यम है।
पुस्तकालय परिवार ने प्रोफेसर सिंह का स्वागत करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर अध्यक्ष कुमार आशुतोष सिंह, सुधींद्र कुमार सिंह, डॉक्टर अनिल, डॉक्टर मनोहर सौरभ, शिक्षक अमित कुमार बबुआ जी, प्रशांत कुमार, राजकपूर टीपू, संगीता कुमारी, पीयूष और संरक्षक मंडल के सदस्य प्रत्यूष कुमार गौतम, निकेश कुमार, मुख्य पुजारी धर्मनाथ पाण्डेय सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
