✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरती आबा-जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान योजना के तहत शुक्रवार को आंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संबोधन सुना गया। जिलाधिकारी ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान योजना के माध्यम से जनजातीय समुदाय के विकास हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा, और आजीविका के अंतर को समाप्त करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन जनजातीय समुदाय के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों के लिए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, आवास योजना जैसे लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने 9 पीड़ितों को मुआवजा राशि, 3 लाभुकों को श्रम कार्ड, 5 को आयुष्मान कार्ड, 10 को जॉब कार्ड, और 7 किसानों को बीज वितरण किया।
स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, और डीआरसीसी के स्टॉल पर जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
