✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिवान जंक्शन पर विशेष होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया है। वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे ने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं आरामदायक बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
उन्होंने बताया कि सिवान जंक्शन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए बैठने, आराम करने, और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और श्वान दस्ता तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर सतर्क नज़र रखे हुए हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन के आगमन और प्रस्थान की जानकारी लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से दी जा रही है। जंक्शन पर स्थापित यह होल्डिंग एरिया छठ पर्व के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाजनक ठहराव और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान कर रहा है।
