✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान, 19 नवंबर: जिला कांग्रेस कार्यालय पर मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न इंदिरा गांधी का 107वां जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पांडेय की अध्यक्षता में उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और उनके कर्तृत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिलाध्यक्ष डॉ. पांडेय ने इंदिरा गांधी को ‘युग श्रेष्ठ’ और ‘राजनीति का मानक पत्थर’ बताते हुए कहा कि उनकी निष्ठा और अनुशासन की मिसाल आज भी राजनीति में कायम है। उन्होंने कहा, “जब पूरी दुनिया भारत के खिलाफ खड़ी थी, तब इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश का निर्माण कर दिखाया। यह उनकी राजनीतिक समझ और कूटनीतिक विजय थी।”
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में 95 हजार पाकिस्तानी सैनिकों का समर्पण हुआ, जो इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना थी। इमरजेंसी के दौरान जयप्रकाश नारायण द्वारा सेना को विद्रोह के लिए उकसाने के बाद गांधी ने मजबूरन इमरजेंसी लागू की, लेकिन अपनी गलती को स्वीकारते हुए उन्होंने आम चुनाव भी कराए, जिसमें भले ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दो वर्षों में ही जनता ने उन्हें फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का अवसर दिया।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की जीवनशैली से प्रेरणा लेते हुए देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिवधारी दुबे, रमाकांत सिंह, शशिकांत सिंह, अनंत तिवारी, सरोज भारती, बच्चा पांडेय, जितेंद्र पांडेय, ललन सिंह, सुशील मांझी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।