समय सीवान

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: मंडल कारा में लोक आस्था के महापर्व छठ को विशेष धूमधाम से मनाते हुए 23 महिला और पुरुष बंदियों ने छठ व्रत रखा। बंदियों ने पहले दिन अस्ताचलगामी और दूसरे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर विधिवत पूजा-अर्चना की।

जेल प्रशासन द्वारा छठ पूजा से पहले मंडल कारा में बने घाटों की साफ-सफाई पुरुष बंदियों की मदद से कराई गई। छठ व्रतियों के लिए फल, कलसूप और अन्य पूजन सामग्रियों की व्यवस्था भी की गई थी। इस अवसर पर 22 महिला और एक पुरुष बंदी ने छठ व्रत किया।

मंडल कारा अधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि छठ व्रत की इच्छा व्यक्त करने वाले सभी बंदियों के लिए जेल प्रशासन ने सभी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की थी। महिला और पुरुष बंदियों के लिए अलग-अलग छोटे-छोटे पोखरों का निर्माण कराया गया था। अर्घ्य के समय की पवित्रता बनाए रखने के लिए पंडित की भी व्यवस्था की गई, ताकि व्रतियों को सही समय पर अर्घ्य दिलाया जा सके।

जेल प्रशासन के इस प्रयास से बंदियों को एक विशेष अनुभव प्राप्त हुआ, जो उनके धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मान्यताओं के प्रति जेल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version